शहडोल:50 बोरियों से किया बोरी बंधान, जल संरक्षण का दिया संदेश

50 बोरियों से किया बोरी बंधान, जल संरक्षण का दिया संदेश

शहडोल। जल संरक्षण एवं वर्षा जल संचय को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा विकासखंड गोहपारू के ग्राम देवदहा स्थित उल्टा नाला पर बोरी बंधान कार्य कराया गया। नवांकुर संस्था वीर सावरकर सेवा समिति, देवरी नंबर-2 एवं ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति देवदहा के संयुक्त प्रयास से आयोजित इस अभियान में 50 बोरियों का बंधान किया गया।

इस पहल का मुख्य उद्देश्य वर्षा के पानी को नालों में बहकर व्यर्थ जाने से रोकना और उसका अधिक समय तक संचय करना है। बोरी बंधान से नाले में पानी का ठहराव होगा, जिससे आसपास के खेतों में नमी बनी रहेगी और सिंचाई के लिए पानी की उपलब्धता बढ़ेगी। इसके साथ ही पशु-पक्षियों एवं अन्य जीव-जंतुओं को भी पेयजल मिल सकेगा। यह पहल भूजल स्तर को बनाए रखने और प्राकृतिक जल स्रोतों के संरक्षण में भी सहायक होगी।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने जल संरक्षण की शपथ लेकर संकल्प लिया कि गांव के अन्य नालों पर भी इसी तरह बोरी बंधान कर वर्षा जल का अधिक से अधिक संचय किया जाएगा, ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए जल सुरक्षित रखा जा सके।

इस अवसर पर शहडोल संभाग के संभाग समन्वयक भीम सिंह डामोर, जिला समन्वयक विवेक पांडे, विकासखंड समन्वयक आलोक सोंधिया, नवांकुर संस्था के अध्यक्ष मुकेश केवट सहित समिति के सदस्य यशवंत केवट, मखन यादव, रामखेलावन पनिका, गोकर्ण केवट, हेमदिन, संजय यादव, सुरेंद्र केवट, अजीत यादव, श्रेयांश केवट, सौरभ, रामनरेश यादव एवं देवदहा की साक्षी सिंह सहित अन्य ग्रामीणों ने श्रमदान कर अभियान में सहभागिता निभाई।

Post a Comment

और नया पुराने