पहली बार जिले में खेती का प्रयोग, आत्मा परियोजना के तहत 30 किसानों का चयन; चार क्विंटल बीज अनुदान पर उपलब्ध
शहडोल। जिले में किसानों को परंपरागत खेती से आगे बढ़कर नई फसलों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसी कड़ी में अब मालवा की तर्ज पर शहडोल की धरती पर भी पहली बार काबुली चने की खेती का प्रयोग किया जा रहा है। कृषि विभाग की आत्मा परियोजना के तहत जिले के 30 किसानों का चयन किया गया है, जो इस रबी सीजन में एक-एक एकड़ भूमि पर काबुली चने की बोवनी करेंगे। इसके लिए विभाग द्वारा चार क्विंटल बीज की व्यवस्था कर किसानों को अनुदान पर उपलब्ध कराया जा रहा है।
कृषि विभाग को उम्मीद है कि जिले की मिट्टी और जलवायु काबुली चने की खेती के लिए अनुकूल साबित होगी। मालवा क्षेत्र में इस फसल से किसानों को मिलने वाले बेहतर आर्थिक लाभ को देखते हुए शहडोल में भी इसकी संभावनाएं तलाशी जा रही हैं। चयनित किसानों को बोवनी से पहले प्रशिक्षण भी दिया जा चुका है, ताकि वे वैज्ञानिक तरीके से फसल का उत्पादन कर सकें।
सफल उत्पादन पर बढ़ाया जाएगा रकबा
आत्मा परियोजना के डीडीओ ओएस वर्मन के अनुसार, इस वर्ष नवाचार के तहत किसानों से काबुली चने की खेती कराई जा रही है। किसानों को अनुदान पर बीज उपलब्ध कराया गया है। यदि मौसम अनुकूल रहा और उत्पादन बेहतर मिला तो आगामी वर्ष में खेती का रकबा बढ़ाया जाएगा। विभाग का उद्देश्य किसानों को ऐसी वैकल्पिक फसलों से जोड़ना है, जिनसे उन्हें परंपरागत खेती की तुलना में बेहतर आर्थिक लाभ मिल सके।
चिया की खेती के अनुभव के बाद काबुली चने पर दांव
गौरतलब है कि जिले में इससे पहले नवाचार के रूप में चिया की खेती भी कराई गई थी। किसानों को उत्पादन तो अच्छा मिला, लेकिन उपज बेचने के लिए पर्याप्त बाजार उपलब्ध नहीं होने के कारण उन्हें अपेक्षित आर्थिक लाभ नहीं मिल सका। खरीदारों की कमी और स्थानीय स्तर पर बाजार का अभाव किसानों के लिए परेशानी बना रहा।
हालांकि, काबुली चने को लेकर कृषि विभाग को बेहतर बाजार संभावनाएं नजर आ रही हैं। देशभर में इसकी मांग और खपत बनी रहती है। सामान्य चने की तुलना में काबुली चने के बेहतर दाम मिलने की संभावना भी है। ऐसे में यह प्रयोग सफल रहा तो शहडोल के किसानों के लिए खेती का एक नया और लाभकारी विकल्प खुल सकता है। अब इस रबी सीजन का उत्पादन और बाजार में मिलने वाला मूल्य ही तय करेगा कि आने वाले वर्षों में जिले में काबुली चने की खेती कितनी विस्तार पाती है।

एक टिप्पणी भेजें