शहडोल : नशे के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही एवं एनडीपीएस प्रकरणों की गुणवत्तापूर्ण विवेचना सुनिश्चित करने हेतु शहडोल रेंज में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

 नशे के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही एवं एनडीपीएस प्रकरणों की गुणवत्तापूर्ण विवेचना सुनिश्चित करने हेतु शहडोल रेंज में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

 शहडोल।  आगामी तीन वर्षों में देश को मादक पदार्थों की समस्या से पूर्णतः मुक्त करने के राष्ट्रीय लक्ष्य के अनुरूप पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा प्रदेश को नशामुक्त बनाने की दिशा में समय-समय पर विशेष अभियान संचालित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में पुलिस उपमहानिरीक्षक शहडोल रेंज शहडोल  विवेक सिंह के निर्देशानुसार एन.डी.पी.एस. एक्ट के प्रभावी क्रियान्वयन एवं मादक पदार्थों से संबंधित प्रकरणों की विवेचना में गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से दिनांक 26.11.2026 को कलेक्ट्रेट सभागार, शहडोल में एक दिवसीय रेंज स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

          प्रशिक्षण कार्यक्रम में शहडोल रेंज के अंतर्गत आने वाले शहडोल, उमरिया एवं अनूपपुर जिले के पुलिस अधिकारियों ने प्रत्यक्ष रूप से सहभागिता की। इसके अतिरिक्त तीनों जिलों के विभिन्न थानों से पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों ने लाइव स्ट्रीमिंग के माध्यम से प्रशिक्षण कार्यक्रम से जुड़कर प्रशिक्षण प्राप्त किया।

          कार्यक्रम में नारकोटिक्स विंग इंदौर से पधारे निरीक्षक श्री राकेश चौधरी एवं उप निरीक्षक अजय शर्मा द्वारा पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को एनडीपीएस एक्ट के विभिन्न प्रावधानों, मादक पदार्थों की पहचान, अवैध मादक पदार्थों की तस्करी एवं परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाने, तलाशी एवं जप्ती की वैधानिक प्रक्रिया, साक्ष्य संकलन, नमूना संकलन एवं सुरक्षित रखरखाव तथा एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत पंजीबद्ध प्रकरणों की विवेचना के दौरान अपनाई जाने वाली आवश्यक सावधानियों के संबंध में विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

          प्रशिक्षण के दौरान एन.डी.पी.एस. एक्ट के प्रावधानों का विधिसम्मत पालन करते हुए प्रकरणों में तकनीकी एवं प्रक्रियात्मक त्रुटियों से बचने, साक्ष्यों की गुणवत्ता बनाए रखने तथा न्यायालय में प्रभावी अभियोजन सुनिश्चित करने के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

          पुलिस उपमहानिरीक्षक शहडोल रेंज के निर्देशन में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की कार्यक्षमता एवं विवेचना कौशल को सुदृढ़ करना तथा मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के विरुद्ध प्रभावी एवं परिणामोन्मुखी कार्रवाई सुनिश्चित करना रहा।

          उक्त कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक शहडोल डॉ.  संजय अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक दीवान, नगर पुलिस अधीक्षक  राजेन्द्र मोहन दुबे, उ.पु.अ. महिला प्रकोष्ठ श्रीमती शिवाली चतुर्वेदी एवं रक्षित निरी.  अनिरुद्ध मीणा कलेक्ट्रेट सभागार में उपस्थित रहे।

Post a Comment

और नया पुराने