सांसद हिमाद्री सिंह और विधायक फुन्देलाल सिंह सहित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने किया विचार-विमर्श
शहडोल। पवित्र नगरी अमरकंटक स्थित मां नर्मदा के उद्गम स्थल की धार्मिक, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक महत्ता को संरक्षित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। नर्मदा उद्गम मंदिर के मूल एवं पौराणिक स्थापत्य स्वरूप की पुनर्स्थापना, प्राचीन मंदिरों एवं सांस्कृतिक स्थलों का संरक्षण, उद्गम कुंड की जल गुणवत्ता बनाए रखने तथा मंदिर परिसर को स्वच्छ एवं अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं।
श्री नर्मदा मंदिर (नर्मदा उद्गम) ट्रस्ट अमरकंटक की 21वीं सामान्य बैठक 11 नवंबर 2026 को नगर परिषद अमरकंटक के सभाकक्ष में ट्रस्ट अध्यक्ष एवं शहडोल संभाग की कमिश्नर श्रीमती सुरभि गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में शहडोल संसदीय क्षेत्र की सांसद श्रीमती हिमाद्री सिंह, पुष्पराजगढ़ विधायक फुन्देलाल सिंह, कलेक्टर रत्नाकर झा, वन मंडलाधिकारी डेविड वेंकट राव चनाप, अनुविभागीय दंडाधिकारी पुष्पराजगढ़ वसीम अहमद भट्ट सहित ट्रस्ट के सदस्य उपस्थित रहे।
मूल पौराणिक स्थापत्य स्वरूप की होगी पुनर्स्थापना
बैठक में मुख्यमंत्री की समीक्षा बैठकों में दिए गए निर्देशों के अनुपालन में नर्मदा उद्गम मंदिर के मूल एवं पौराणिक स्थापत्य स्वरूप को पुनर्स्थापित करने पर विशेष चर्चा की गई। इसके साथ ही प्राचीन मंदिरों एवं सांस्कृतिक स्थलों का दस्तावेजीकरण कर उनका संरक्षण एवं संवर्धन करने का निर्णय लिया गया। मंदिर प्रांगण और माई की बगिया को भी उनके मूल एवं पौराणिक स्वरूप में विकसित करने पर विचार किया गया। मंदिर के प्रवेश एवं निकास द्वार पर काऊ कैचर लगाने तथा द्वारों को उनके मूल पौराणिक स्वरूप के अनुरूप आकर्षक एवं भव्य बनाने का निर्णय लिया गया।
जीरो डिस्चार्ज और जल की शुद्धता पर विशेष जोर
उद्गम कुंड एवं स्नान क्षेत्र के जल की शुद्धता बनाए रखने के लिए प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के माध्यम से प्रतिमाह जल के नमूनों की जांच कराने का निर्णय लिया गया। मंदिर परिसर से निकलने वाले जल एवं पूजन सामग्री का वैज्ञानिक तरीके से प्रबंधन सुनिश्चित किया जाएगा। इसके साथ ही मंदिर परिसर में जीरो डिस्चार्ज व्यवस्था लागू करने, प्लास्टिक पर प्रतिबंध तथा स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी बनाने पर चर्चा की गई।
अतिक्रमण नियंत्रण और नो कंस्ट्रक्शन जोन का होगा पालन
मंदिर एवं उद्गम क्षेत्र के समीप अनाधिकृत अतिक्रमण और सीमेंट-कंक्रीट से निर्मित संरचनाओं को चिन्हित कर चरणबद्ध तरीके से हटाने के निर्देश दिए गए। मंदिर परिसर के आसपास नो कंस्ट्रक्शन जोन, धार्मिक मर्यादाओं एवं प्रतिबंधित गतिविधियों से संबंधित नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने पर सहमति बनी। इसके अतिरिक्त यातायात एवं आवागमन व्यवस्था को व्यवस्थित करने तथा अमरकंटक सीवरेज योजना के सुदृढ़ीकरण की समीक्षा कर निर्देशों का निरंतर पालन सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कार्यवाही करने को कहा गया।
माई की बगिया और कोटि तीर्थ घाट पर होंगे विकास कार्य
बैठक में श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए कोटि तीर्थ घाट के दोनों घाटों पर शेड निर्माण, माई की बगिया स्थित पूजा स्थल मंडप शेड के चारों ओर ग्रिल लगाने, मुख्य मंदिर की यज्ञशाला एवं माई की बगिया के धूना शेड की मरम्मत कराने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही माई की बगिया में रसोई शेड निर्माण तथा पानी की सतत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए पानी की टंकी स्थापित करने पर भी सहमति बनी।
आय-व्यय एवं व्यवस्थाओं की भी हुई समीक्षा
बैठक में ट्रस्ट का वार्षिक आय-व्यय विवरण प्रस्तुत किया गया। वित्तीय व्यवस्थाओं को अधिक व्यवस्थित एवं पारदर्शी बनाने के लिए मासिक आय पंजी का नियमित संधारण करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में लिए गए निर्णयों का उद्देश्य नर्मदा उद्गम क्षेत्र की पौराणिक पहचान, धार्मिक गरिमा, प्राकृतिक पवित्रता एवं सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखते हुए श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं विकसित करना है।
.jpeg)
إرسال تعليق