रामनगर पुलिस ने चार बार बिहार भेजी टीम, कटिहार जिले के आजमनगर से आरोपी पकड़ा
अनूपपुर। नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर ले जाने एवं लैंगिक अपराध के मामले में दो साल से फरार आरोपी को रामनगर पुलिस ने बिहार के कटिहार जिले से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने पिछले दो वर्षों में चार बार बिहार में दबिश दी थी।
पुलिस के अनुसार, 24 दिसंबर 2024 को फरियादी (परिवर्तित नाम) रामकिशन निवासी डोला ने अपनी 17 वर्षीय पुत्री कु. नीलम (परिवर्तित नाम) के गुम होने की रिपोर्ट थाना रामनगर में दर्ज कराई थी। मामले में अपराध क्रमांक 388/2024 दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
विवेचना के दौरान तत्कालीन थाना प्रभारी उप निरीक्षक सुमित कौशिक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 20 फरवरी 2025 को बिहार के कटिहार जिले के आजमनगर से नाबालिग बालिका को दस्तयाब किया। बालिका के न्यायालय में कथन के बाद आरोपी शिवा उर्फ शुभम सिंह निवासी आजमनगर, जिला कटिहार के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं सहित पॉक्सो एक्ट की धाराएं बढ़ाई गई थीं।
चार बार बिहार भेजी गई पुलिस टीम
आरोपी बिहार के कटिहार जिले का निवासी होने के कारण गिरफ्तारी से बचते हुए लगातार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए रामनगर पुलिस द्वारा लगातार प्रयास किए गए। विगत दो वर्षों में चार बार पुलिस टीम बिहार भेजी गई। तकनीकी विवेचना एवं सतत प्रयासों के बाद 25 नवंबर 2026 को आरोपी शुभम सिंह (24 वर्ष), निवासी ग्राम आजमनगर, जिला कटिहार बिहार को गिरफ्तार कर लिया गया।
डीएनए जांच के लिए भेजा जाएगा सैंपल
प्रकरण में तकनीकी एवं वैज्ञानिक साक्ष्य संकलित करने के उद्देश्य से आरोपी का डीएनए परीक्षण हेतु सैंपल लिया जाएगा, जिसे एफएसएल जांच के लिए भेजा जाएगा। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सुमित कौशिक, उप निरीक्षक राघव बागरी, सहायक उप निरीक्षक विनोद नाहर, प्रधान आरक्षक विनोद मिंज, आरक्षक मदगेन्द्र पटेल एवं साइबर सेल अनूपपुर के आरक्षक पंकज मिश्रा का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

एक टिप्पणी भेजें