शहडोल:शराब के नशे में ट्रक चलाकर सड़क पर लगाया जाम, कोतवाली पुलिस ने वाहन किया जप्त

एल्कोहल जांच में 224.2 एमजी/100 एमएल मात्रा मिली, चालक के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्यवाही 

अनूपपुर। जिला चिकित्सालय के पास जैतहरी रोड पर शराब के नशे में ट्रक चलाकर सड़क पर जाम लगाने वाले चालक के विरुद्ध कोतवाली पुलिस ने कार्यवाही करते हुए ट्रक जप्त किया है। चालक की एल्कोहल जांच में 224.2 एमजी/100 एमएल शराब की मात्रा पाई गई।

पुलिस के अनुसार, 24 नवंबर की रात्रि को सूचना मिली कि जिला चिकित्सालय के पास जैतहरी रोड पर एक ट्रक चालक ने सड़क पर जाम लगा रखा है। सूचना पर थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक उमेश उपाध्याय के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। यहां ट्रक क्रमांक CG 31 B 6872 के चालक राजनारायण सिंह गोंड (23 वर्ष), निवासी ग्राम दियापीपर, थाना गोहपारू, जिला शहडोल की जांच की गई। चालक नशे की हालत में पाया गया, जिसके बाद जिला चिकित्सालय अनूपपुर में उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया तथा एल्कोहल जांच मशीन से परीक्षण किया गया। जांच में 224.2 एमजी/100 एमएल एल्कोहल की मात्रा पाई गई।

इसके अलावा चालक वाहन से संबंधित आवश्यक दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने ट्रक को जप्त कर खड़ा कराया तथा चालक के विरुद्ध इस्तगासा क्रमांक 05/26 के तहत धारा 185 एवं 130(3)/177 मोटर व्हीकल एक्ट में कार्रवाई की है। प्रकरण को निराकरण के लिए माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।

इस कार्यवाही में थाना प्रभारी उमेश उपाध्याय के नेतृत्व में सहायक उपनिरीक्षक गोविन्द पनिका, सतानंद कोल, प्रधान आरक्षक रीतेश सिंह एवं आरक्षक अर्जुन भदौरिया की भूमिका रही।

Post a Comment

और नया पुराने