शहडोल:घर-घर सर्वे कर गर्भवती महिलाओं का प्रथम तिमाही में कराएं शत-प्रतिशत पंजीयन- सीएमएचओ

घर-घर सर्वे कर गर्भवती महिलाओं का प्रथम तिमाही में कराएं शत-प्रतिशत पंजीयन- सीएमएचओ

सीएमएचओ ने 8 एएनएम एवं 6 सुपरवाइजरो का काटा वेतन, जारी किया कारण बताओ नोटिस

शहडोल।  मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश मिश्रा ने राष्ट्रीय नियमित टीकाकरण कार्यक्रम की जिला स्तर पर आयोजित समीक्षा में यू-विन पोर्टल पर गर्भवती महिलाओं के शीघ्र पंजीयन एवं बच्चों के पेंटावैलेंट-1 टीकाकरण की उपलब्धि अपेक्षाकृत कम पाए जाने पर स्वास्थ्य विभाग के संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कार्यवाही की है। 

 मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश मिश्रा ने समीक्षा के दौरान कमियां पाए जाने पर 08 एएनएम एवं 06 सुपरवाइजर का एक दिवस का वेतन काटने तथा कारण बताओ नोटिस जारी करने की कार्यवाही की है। साथ ही 05 आशा कार्यकर्ताओं, 03 बीईई (बुढ़ार, जयसिंहनगर एवं ब्यौहारी), 05 ऑपरेटर एवं शहरी क्षेत्र की सहायक कार्यक्रम प्रबंधक को भी कारण बताओ नोटिस जारी किया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय नियमित टीकाकरण कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा स्वास्थ्य विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के समन्वय से निरंतर की जा रही है। संबंधित सीबीएमओ एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के सीडीपीओ को अपने-अपने क्षेत्र में कार्यक्रम की नियमित समीक्षा कर कमियों को चिन्हित करने तथा आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। 

   उन्होंने बताया कि कार्यक्रम की उपलब्धि में सुधार एवं निर्धारित लक्ष्य की पूर्ति के लिए जिले के 257 उप स्वास्थ्य केंद्रों में 26 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक विशेष कैचअप राउंड आयोजित किया जा रहा है। इस दौरान कम उपलब्धि वाले उप स्वास्थ्य केंद्रों पर विशेष ध्यान देते हुए छूटे हुए एवं पात्र बच्चों का टीकाकरण सुनिश्चित किया जाएगा।

   इस संबंध में उन्होंने समस्त सेक्टर मेडिकल ऑफिसर, सेक्टर सुपरवाइजर, एलएचव्ही एवं आशा सहयोगियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने कार्यक्षेत्र में घर-घर सर्वे कर गर्भवती महिलाओं का प्रथम तिमाही में शीघ्र पंजीयन सुनिश्चित करें तथा पेंटावैलेंट-1 टीकाकरण की उपलब्धि में सुधार लाएं। साथ ही टीकाकरण सत्रों की नियमित मॉनिटरिंग, पात्र हितग्राहियों का फॉलोअप एवं यू-विन पोर्टल पर समय पर पंजीयन एवं डाटा एंट्री सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को नियमित क्षेत्र भ्रमण एवं लक्ष्य आधारित कार्ययोजना के माध्यम से शत-प्रतिशत उपलब्धि प्राप्त करने के निर्देश दिए।

Post a Comment

और नया पुराने