शहडोल के जिला शिक्षा केंद्र कार्यालय में घायल चीतल का बच्चा मिला, पशु प्रेमियों ने किया उपचार, फॉरेस्ट विभाग को सौंपी जिम्मेदारी
शहडोल। जिला शिक्षा केंद्र कार्यालय परिसर में बुधवार को एक घायल चीतल का बच्चा मिला, जिसे देखकर कार्यालय में मौजूद लोग हैरान रह गए। चीतल के बच्चे को शरीर पर गहरी चोटें आई थीं, जिससे वह दर्द में तड़प रहा था।
मौके पर पहुंचे पशु प्रेमियों ने तत्काल उसे प्राथमिक उपचार दिया और मलहम लगाकर उसकी हालत को स्थिर करने की कोशिश की। पशु प्रेमियों ने मानवीय संवेदनाओं का परिचय देते हुए बिना देर किए घायल चीतल के बच्चे की मदद की।
सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और घायल चीतल के बच्चे को अपने संरक्षण में लिया। अधिकारियों के अनुसार, उसे उचित उपचार और देखरेख के लिए वन विभाग के रेस्क्यू सेंटर भेजा गया है।
वन विभाग अब यह जांच कर रहा है कि यह चीतल का बच्चा डीपीसी कार्यालय परिसर तक कैसे पहुंचा और उसे चोट कैसे लगी। संभावना जताई जा रही है कि वह जंगल से भटककर शहर की ओर आ गया होगा।
इस घटनाक्रम से पशु संरक्षण और वन्यजीवों के प्रति जागरूकता की एक मिसाल सामने आई है।

एक टिप्पणी भेजें