शहडोल:सीवरेज लाइन कार्य में लापरवाही बनी मजदूर की मौत का कारण, पीड़ित परिवार ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

सीवरेज लाइन कार्य में लापरवाही बनी मजदूर की मौत का कारण, पीड़ित परिवार ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन 

शहडोल। जिले के कोटमा ग्राम निवासी संतोषिया बैगा ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन देकर अपने पति मुकेश बैगा की आकस्मिक मृत्यु पर न्याय और सहायता की माँग की है। संतोषिया ने ज्ञापन में बताया कि उनके पति की मृत्यु 17 जुलाई 2025 को सीवरेज लाइन कंपनी के कार्य में लापरवाही के चलते हो गई, जब वह 13 फीट गहरे गड्ढे में सफाई उपकरण निकालने उतरे थे और मिट्टी धंसने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

पीड़िता के अनुसार, मृतक मुकेश बैगा ही परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे और उनके निधन से पूरा परिवार आर्थिक संकट में आ गया है। संतोषिया ने जिला प्रशासन से कम से कम पचास लाख रुपये की आर्थिक सहायता, परिवार के एक सदस्य को शासकीय नौकरी, तथा बच्चों की शिक्षा की सम्पूर्ण जिम्मेदारी उठाने की माँग की है।

इसके साथ ही उन्होंने ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया है कि घटना के लिए जिम्मेदार मुख्य आरोपियों पर कड़ी कार्यवाही की जाए, ताकि भविष्य में किसी गरीब आदिवासी परिवार को इस तरह की पीड़ा न सहनी पड़े।

Post a Comment

और नया पुराने