शहडोल:शहडोल के लालपुर सीबीएम प्रोजेक्ट में हर्षोल्लास से मनाया गया कारगिल विजय दिवस, वीरता और शौर्य की गूंज

शहडोल के लालपुर सीबीएम प्रोजेक्ट में हर्षोल्लास से मनाया गया कारगिल विजय दिवस, वीरता और शौर्य की गूंज



शहडोल। लालपुर स्थित रिलायंस सीबीएम प्रोजेक्ट में कारगिल विजय दिवस के अवसर पर एक भव्य और भावनात्मक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस आयोजन में एक साथ 100 फौजियों ने परेड कर देशभक्ति की अनूठी मिसाल पेश की। कारगिल युद्ध पर आधारित विशेष झांकी और फिल्म प्रदर्शन ने दर्शकों को युद्ध की वीरगाथा से रूबरू कराया।

कार्यक्रम की विशेष प्रस्तुति गोरखा रेजिमेंट के रिटायर्ड जवानों द्वारा किया गया खुखरी डांस रहा, जिसने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। बरसात के बावजूद वीर जवानों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियों से लोगों को भावविभोर कर दिया।

इस अवसर पर कारगिल युद्ध में भाग ले चुके सैनिकों का सम्मान किया गया। साथ ही देश के वीर शहीदों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

इस कार्यक्रम में रिलायंस सीबीएम प्रोजेक्ट लालपुर, सैनिक कल्याण बोर्ड और भूतपूर्व सैनिकों के संगठनों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। पूरे कार्यक्रम का संचालन प्रधान सुरक्षा अधिकारी शाहनवाज खान एवं सुरक्षा अधिकारी आर.के. सिंह के मार्गदर्शन में किया गया।

कारगिल विजय दिवस का महत्व

 26 जुलाई को प्रतिवर्ष मनाया जाने वाला कारगिल विजय दिवस भारत के लिए गौरव और सम्मान का प्रतीक है। यह दिन 1999 में भारत-पाकिस्तान के बीच हुए कारगिल युद्ध की विजय का प्रतीक है, जिसमें भारत ने अदम्य साहस और बलिदान से जीत हासिल की थी। यह दिवस उन शहीदों की स्मृति में मनाया जाता है, जिन्होंने देश की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए।


Post a Comment

और नया पुराने