ग्राम पंचायत कुदरी में रेत के अवैध परिवहन का मामला: सचिव ने टीआई को की रिश्वत की पेशकश, थाना प्रभारी ने कहा- अब तो कार्रवाई होगी
शहडोल/जयसिंहनगर। शहडोल जिले के तहसील जयसिंहनगर के अंतर्गत ग्राम पंचायत कुदरी से एक और मामला सामने आया है. ओदारी नदी से रेत के अवैध परिवहन में पंचायत सचिव हेमराज कहार का ट्रैक्टर पकड़ा गया है। सीधी थाना ने ट्रैक्टर को जब्त कर लिया और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. ग्राम पंचायत कुदरी वही पंचायत है, जहां कुछ दिनों पहले 2 फोटोकॉपी के लिए 4000 रुपये का भुगतान करने के मामले में चर्चा में आया था। लेकिन अब ऐसा लगता है कि ग्राम पंचायत कुदरी में भ्रष्टाचार की सारी हदें पार हो चुकी हैं।
सीधी थाना प्रभारी राजकुमार मिश्रा ने बताया कि उन्होंने मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने कार्रवाई की। ट्रैक्टर जब्त होने के बाद कुदरी पंचायत के सचिव हेमराज कहार ने थाना प्रभारी को फोन किया और ट्रैक्टर छोड़ने के एवज में रिश्वत देने की पेशकश की। लेकिन थाना प्रभारी ने साफ इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि सचिव से हुई उनकी बातचीत की रिकॉर्डिंग हो रही है और अब वह इसे वरिष्ठ अधिकारियों और पंचायत विभाग को भेजेंगे।
जब रिकॉर्डिंग की बात सामने आई, तो सचिव हेमराज कहार साफ मुकर गया और कहा कि ये उसकी आवाज नहीं है. उसने कहा कि मुझे नहीं पता कि थाना प्रभारी ने फोन पर किससे बात की। खैर, सीधी थाना प्रभारी राजकुमार मिश्रा का कहना है कि रेत के अवैध परिवहन में वह सख्त से सख्त कार्रवाई करेंगे। पकड़ा गया ट्रैक्टर हेमराज कहार की पत्नी के नाम पर है, जिसे उसका बेटा सुरेश चलाता है।

إرسال تعليق