शहडोल:जमीनी विवाद में दोहरी हत्या, मुख्य आरोपी ने साथियों संग किया सरेंडर — चौकी प्रभारी लाइन हाजिर

जमीनी विवाद में दोहरी हत्या, मुख्य आरोपी ने साथियों संग किया सरेंडर — चौकी प्रभारी लाइन हाजिर

शहडोल। दिवाली की खुशियाँ शहडोल जिले के केशवाही के बलबहरा गांव में मातम में बदल गईं। जमीनी विवाद के चलते दो सगे भाइयों की बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस दोहरी हत्या के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, बलबहरा गांव निवासी राकेश उर्फ सोनू तिवारी और राहुल तिवारी मंगलवार रात अपनी ऑटो पार्ट्स की दुकान पर दिया जलाने पहुंचे थे। तभी पुरानी रंजिश और ज़मीन के विवाद को लेकर आरोपियों ने उन पर धारदार हथियारों और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों भाइयों को खून से लथपथ हालत में अस्पताल पहुँचाया, जहाँ राकेश को डॉक्टरों ने मृत घोषित किया, जबकि राहुल ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

घटना के दौरान राहुल ने अपने मोबाइल में एक बयान रिकॉर्ड किया, जिसमें उसने हमले का ज़िक्र करते हुए आरोपियों के नाम बताए और कहा — “यह मेरा आख़िरी बयान है, इसे मान किया जाए।”

पुलिस के अनुसार, तिवारी और शर्मा परिवारों के बीच 2021 से ज़मीन को लेकर विवाद चल रहा था। मंगलवार रात हुई घटना में अनुराग शर्मा, धनेश शर्मा, नयन पाठक, नीलेश कुशवाहा सहित करीब दर्जनभर लोगों ने हमला किया। मारपीट की सूचना पर मृतकों का बड़ा भाई सतीश तिवारी भी मौके पर पहुँचा, जिसे भी बुरी तरह पीटा गया और वह गंभीर रूप से घायल है।

घटना के बाद मुख्य आरोपी अनुराग शर्मा अपने कुछ साथियों के साथ बुढार थाने पहुँचा और सरेंडर कर दिया। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ धारा 302 सहित अन्य धाराओं के तहत हत्या का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया है। विशेषज्ञों की टीम घटनास्थल की जांच कर रही है।

घटना के बाद एसपी ने केशवाही चौकी प्रभारी आशीष झारिया को लाइन हाजिर कर दिया है।

इस दिल दहला देने वाली वारदात ने जिलेभर में शोक और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है।

Post a Comment

أحدث أقدم