शहडोल:दैनिक समय शहडोल के संपादक चन्द्रशेखर त्रिपाठी शास्त्री जी का पार्थिव शरीर पंचतत्व में विलीन

दैनिक समय शहडोल के संपादक चन्द्रशेखर त्रिपाठी शास्त्री जी का पार्थिव शरीर पंचतत्व में विलीन

शहडोल।  संभागीय मुख्यालय शहडोल से प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र दैनिक समय के संपादक चन्द्रशेखर त्रिपाठी शास्त्री जी का लंबी बीमारी के बाद आज गुरूवार को उनके निवास में प्रातः 10 बजे निधन हो गया है। स्वर्गीय श्री त्रिपाठी का अंतिम संस्कार पांडव नगर शहडोल स्थित हनुमान घाट में किया गया। उनके जेष्ठ पुत्र  बालेन्दु शेखर त्रिपाठी ने मुखाग्नि दी।  स्व. श्री त्रिपाठी अपने पीछे भरा पूरा परिवार पत्नि श्रीमती सावित्री त्रिपाठी, दो पुत्र  बालेन्दु शेखर त्रिपाठी, नावेन्दु शेखर त्रिपाठी तथा पांच बेटियां छोड़ गए हैं। 

स्व. चन्द्रशेखर त्रिपाठी के निधन की खबर लगते ही मीडिया जगत में शोक की लहर छा गई। उनके निवास में लोगों ने पहुंचकर पुष्पमाला अर्पित किए तथा अंतिम संस्कार में शामिल हुए।  जिला प्रशासन की ओर से अपर कलेक्टर श्री सरोधन सिंह ने श्रद्धांजलि अर्पित कर पार्थिव शरीर में पुष्पमाला अर्पित किया।  स्व0 श्री त्रिपाठी मध्यप्रदेश जनसम्पर्क विभाग के अधिमान्य पत्रकार थे तथा विभाग द्वारा उन्हे पत्रकार सम्मान निधि भी प्रदान की जाती थी। श्री त्रिपाठी का जन्म अविभाजित शहडोल के बिजुरी नगर में सन् 1937 में हुआ था। आपने प्रारंभिक शिक्षा बिजुरी से एवं उच्च शिक्षा एम.ए.एलएलबी. तथा सहित्य रत्न की शिक्षा शहडोल से प्राप्त की। अपने जीवन की शुरूआत उन्होंने वकालत कर शुरू की थी। दैनिक समय शहडोल का शुभारंभ वर्ष 1977 में हुआ था। तब से आज पर्यन्त तक आप संपादक रहे। 

श्री त्रिपाठी के निधन से पत्रकारिता जगत में शोक की लहर व्याप्त है। दिवंगत आत्मा की शांति के लिए शोक सभा का आयोजन कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा शोकाकुल परिवार को असहनीय दुख सहने की ईश्वर से प्रार्थना की गई।

Post a Comment

أحدث أقدم