सांसद ने बास्केटबाल उछालकर 69वीं राज्य स्तरीय 14 वर्षीय बालिका बास्केटबाल प्रतियोगिता का किया शुभारंभ
शहडोल। खेलों से अनुशासन, समन्वय एवं शारीरिक स्फूर्ति मिलती है। राज्य स्तरीय बास्केटबाल प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ी हार जीत की चिंता किए बिना अपने कौशल एवं प्रतिभा का प्रदर्शन करें। खेल में हार या जीत मायने नहीं रखती है। हार से हम सीख लेकर जीत के लक्ष्य की ओर आगे बढ़ते हैं। हार के कारणों को समझकर उन्हें दूर करके परिणाम जीत में बदल सकते हैं। शहडोल संसदीय क्षेत्र की सांसद श्रीमती हिमाद्री सिंह संभागीय मुख्यालय शहडोल के महात्मा गांधी स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय 14 वर्ष बालिका बास्केटबाल प्रतियोगिता के शुभारंभ के अवसर पर संबोधित करते हुए उक्त विचार व्यक्त किए।
सांसद श्रीमती हिमाद्री सिंह ने मॉं सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर एवं मध्यप्रदेश के खेल ध्वज का आरोहण कर राज्य स्तरीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा खेलों को निरंतर प्रोत्साहित किया जा रहा हैं। प्रधानमंत्री ने मन की बात में शहडोल जिले के विचारपुर ग्राम को मिनी ब्राजील के नाम से विख्यात किया तथा यहां के पांच खिलाड़ियों एवं कोच को जर्मनी में फुटबाल खेल का प्रशिक्षण प्राप्त करने का अवसर उपलब्ध कराया। शहडोल संभाग को यह अवसर प्रदान करने के लिए उन्होंने प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री जी को आभार व्यक्त किया ।
कार्यक्रम में प्रदेश के 10 संभागों से आई टीमों द्वारा फील्ड मार्शल श्री इनायत खान के नेतृत्व में खिलाड़ियों की आकर्षक मार्चपास्ट निकाली गई। जिसकी सलामी सांसद ने ली।
उन्होंने गांधी स्टेडियम शहडोल स्थित बास्केटबाल मैदान में खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर तथा बास्केटबाल उछालकर शहडोल संभाग एवं जनजातीय कार्य विभाग की टीम के बीच बास्केटबाल प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देने वाली कस्तूरबा गांधी छात्रावास के तीन दलों को 5-5 हजार रूपए का पुरूस्कार भी प्रदान किया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती प्रभा मिश्रा, जिला योजना समिति की सदस्य श्रीमती अमिता चपरा, अपर कलेक्टर सरोधन सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष शहडोल घनश्याम दास जायसवाल, संयुक्त संचालक शिक्षा उमेश धुर्वे, उप संचालक शिक्षा फूलसिंह मारपाची, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग आनन्द राय सिन्हा, एपीसी श्री अरविन्द पांडे, प्रकाश जागवानी, संतोष लोहानी, अमित मिश्रा, भूपेन्द्र मिश्रा, अनिल द्विवेदी, प्रियम त्रिपाठी, मनोज गुप्ता, कुष्णकुमार गुप्ता, त्रिभुवन गोस्वामी, विनय केवट, सिल्लू रजक सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
जिला योजना समिति की सदस्य श्रीमती अमिता चपरा ने कहा कि प्रतियोगिता में खिलाड़ी खेल भावना से खेलते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करें। खेलों से शारीरिक मानसिक एवं बौद्धिक विकास होता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के आहवान पर खेलो इंडिया के माध्यम से खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्हें अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने के लिए अवसर दिए जा रहे हैं। इस अवसर पर आपने आत्मनिर्भर एवं समृद्ध भारत के निर्माण के लिए स्वदेशी अपनाने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि हम सबको हर घर स्वदेशी, घर-घर स्वदेशी का संकल्प लेकर देश के लधु उद्यमियों एवं कारीगरों द्वारा तैयार की गई वस्तुओं का उपयोग करना चाहिए।
कार्यक्रम का प्रतिवेदन देते हुए संयुक्त संचालक शिक्षा श्री उमेश धुर्वे ने बताया कि इस प्रतियोगिता में 10 टीमें भाग ले रहीं हैं। यह प्रतियोगिता 23 अक्टूबर से प्रारंभ होकर 26 अक्टूबर तक संचालित की जाएगी। खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर राज्य स्तरीय टीम के लिए खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। इसके पूर्व बास्केटबाल की राष्ट्रीय खिलाड़ी अनुष्का करांगले द्वारा खिलाड़ियों को अनुशासन एवं खेल भावना से खेलने की शपथ दिलाई गई।
प्रतियोगिता के संचालन में राष्ट्रीय कोच केके श्रीवास्तव, सुदर्शन मिश्रा, रईस अहमद, रामरूद्र पटेल, राकेश त्रिपाठी, पुष्पराज सिंह, अजय सोंधिया सहित अन्य व्यायाम शिक्षकों द्वारा सहयोग दिया जा रहा है। कार्यक्रम का संचालन प्राचार्य श्रीमती साधना जैन एवं महेन्द्र त्रिपाठी द्वारा किया गया।

إرسال تعليق