शहडोल:₹93.50 करोड़ की लागत से 34.4 किलोमीटर सड़क उन्नयन कार्य का हुआ भूमिपूजन

लोक निर्माण से लोक कल्याण की ओर बड़ा कदम

₹93.50 करोड़ की लागत से 34.4 किलोमीटर सड़क उन्नयन कार्य का हुआ भूमिपूजन

बहुप्रतीक्षित मेडिकल कॉलेज रोड का होगा निर्माण-विधायक मनीषा सिंह

शहडोल। जिले में सड़क अधोसंरचना को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए शहडोल–मईका–लफदा–चुहिरी सड़क के उन्नयन कार्य का शुभारंभ किया गया। लोक निर्माण विभाग द्वारा किए जा रहे इस बहुप्रतीक्षित निर्माण कार्य का भूमिपूजन विधायक जयसिंहनगर श्रीमती मनीषा सिंह एवं विधायक जैतपुर श्री जयसिंह मरावी द्वारा किया गया।

इस सड़क उन्नयन परियोजना की कुल लंबाई 34.4 किलोमीटर है, जिस पर ₹93.50 करोड़ की लागत आएगी। यह कार्य वित्तीय वर्ष 2025–26 के अंतर्गत किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र में यातायात सुविधाएं बेहतर होंगी तथा आम नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन का लाभ मिलेगा।

विधायक जयसिंहनगर श्रीमती मनीषा सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में चहुंमुखी विकास के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। सड़क उन्नयन से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को भी नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार लोक निर्माण से लोक कल्याण की भावना के साथ कार्य कर रही है। हर गांव को अच्छी सड़कों, बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है।

उन्होंने यह भी बताया कि बहुप्रतीक्षित मेडिकल कॉलेज रोड के निर्माण का कार्य भी शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा, जिससे मरीजों, छात्रों एवं आम नागरिकों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी और स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूती मिलेगी। आने वाले समय में जयसिंहनगर विधानसभा क्षेत्र में और भी विकास कार्य स्वीकृत किए जाएंगे, ताकि आमजन के जीवन स्तर में निरंतर सुधार हो सके।

विधायक जैतपुर  जयसिंह मरावी ने कहा कि इस सड़क के उन्नयन से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों की कनेक्टिविटी सुदृढ़ होगी, जिससे व्यापार-व्यवसाय को बढ़ावा मिलेगा। शासन द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में भी नगरों जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। स्वास्थ्य, शिक्षा, आवागमन, कृषि एवं सिंचाई जैसे क्षेत्रों में प्राथमिकता के साथ विकास कार्य किए जा रहे हैं, जिससे आमजन के लिए आय के नए अवसर सृजित हो रहे हैं।

इस अवसर पर जनपद उपाध्यक्ष  शक्ति सिंह,  प्रियम त्रिपाठी,जिला पंचायत सदस्य राजेश बैगा, संतोष लोहानी, जिला पंचायत के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी  मुद्रिका सिंह, इन्जीनियर  एन पी सिंह, संबंधित ग्राम पंचायतों के सरपंच, जनपद सदस्य एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Post a Comment

أحدث أقدم