चमत्कारी इलाज,झाड़-फूंक के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश
थाना रामनगर पुलिस की त्वरित कार्यवाही, 7.5 लाख के सोना-चाँदी के आभूषण व 3 लाख 61 हजार नगदी बरामद
अनूपपुर। अनूपपुर जिले के थाना रामनगर क्षेत्र अंतर्गत फरियादी लक्ष्मण सिंह पोरते, पिता ललन सिंह, उम्र 32 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 09, ग्राम बरतराई, थाना रामनगर, जिला अनूपपुर (म.प्र.) द्वारा थाना उपस्थित होकर बताया लगभग दो माह पूर्व फरियादी के पिता ललन सिंह को लकवा हो गया था इसी दौरान सत्या नाई ने विश्वनाथ गिरी नामक कथित झाड़-फूंक करने वाले व्यक्ति से परिचय कराया। दिनांक 25.12.2025 को आरोपी अपनी पत्नी सहित फरियादी के घर पहुंचे, पूजा-पाठ एवं झाड़-फूंक का ढोंग कर घर में टोना-टोटका होने का भय दिखाया तथा दूसरे दिन कथित “कलश” निकालने का नाटक कर अपने साथ ले गये। इस दौरान आरोपी द्वारा उपचार के नाम पर ₹1,51,000/- नगद ले लिये गये।
इसके पश्चात दिनांक 08.01.2026 को आरोपी पुनः घर आकर फरियादी व परिवारजनों को भयभीत करते हुए समस्त सोना-चांदी एवं नगद राशि लाने को कहा, अन्यथा तंत्र-मंत्र से जान से मारने एवं पुनः लकवा मारने की धमकी दी। डर के कारण परिवार की महिलाओं द्वारा अपने-अपने मंगलसूत्र (सोने के लॉकेट सहित), चांदी की पायल, करधन, चाबी छल्ला आदि तथा ₹2,50,000/- नगद आरोपी को दे दिये गये। जल्दबाजी में बैंक पासबुक एवं आधार कार्ड भी उसी गठरी में चले गये। आरोपीगण मोटरसाइकिल क्रमांक CG 15 CS 9050 से फरार हो गये।
बाद में सहआरोपी द्वारा रिपोर्ट न करने की धमकी दी गई। कुछ दिन पश्चात साहस जुटाकर फरियादी द्वारा थाना में रिपोर्ट प्रस्तुत की गई।
प्रकरण में प्रथम दृष्टया अपराध धारा 319(2), 318(4), 308(5), 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) तथा औषधि एवं चमत्कारी उपचार (आक्षेपणीय विज्ञापन) अधिनियम की धारा 5, 7 के अंतर्गत पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
पुलिस द्वारा की गई कार्यवाही
पुलिस अधीक्षक मोती उर रहमान (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगनाथ मरकाम तथा एसडीओपी कोतमा आरती शाक्य के मार्गदर्शन में थाना रामनगर पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए विशेष टीम गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई, जिसके परिणामस्वरूप तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपीगण
1. सत्या नाई उर्फ सत्यनारायण सेन, पिता चेतराम सेन, उम्र 37 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 04, ग्राम चुकान, थाना भालूमाड़ा – जिसके कब्जे से 01 सोने का लॉकेट एवं नगद राशि बरामद।
2. सुखनाथ उर्फ विश्वनाथ गिरी, पिता अनुक साय गिरी, उम्र 58 वर्ष, निवासी ग्राम छेरा डीह, थाना लुंड्रा, जिला सरगुजा (छ.ग.)
3. लीला गिरी, पति सुखनाथ उर्फ विश्वनाथ गिरी, उम्र 50 वर्ष, निवासी ग्राम छेरा डीह, थाना लुंड्रा, जिला सरगुजा (छ.ग.)
जप्ती विवरण
आरोपी पति-पत्नी से संयुक्त रूप से निम्न सामग्री जप्त की गई –
• 15 नग सोने के मंगलसूत्र लॉकेट (कुल वजन लगभग 35 ग्राम, अनुमानित कीमत ₹5,00,000/-)
• 03 जोड़ी चांदी की पायल, 02 नग चांदी के करधन, 01 नग चांदी का चाबी छल्ला कुल चांदी वजन लगभग 1 किलोग्राम (अनुमानित कीमत ₹2,50,000/-)
• नगद ₹3,61,000/- एवं घटना में प्रयुक्त मोटर साइकिल क़ीमती ₹ 90 हज़ार तथा तंत्र मंत्र की किताब, किसी मृत जानवर की खोपड़ी* जप्त किया गया है ।
बरामद संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत लगभग ₹12,00,000/- है।
पुलिस द्वारा आरोपियों से पूर्व में अन्य स्थानों पर इसी प्रकार की घटनाएं कारित करने संबंधी पूछताछ की जा रही है। प्रकरण में विस्तृत विवेचना जारी है।
जनहित में अपील – अनूपपुर पुलिस
अनूपपुर पुलिस आमजन से अपील करती है कि झाड़-फूंक, तंत्र-मंत्र अथवा चमत्कारी इलाज के नाम पर किसी भी व्यक्ति के बहकावे में आकर अपना कीमती धन एवं आभूषण न दें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति अथवा गतिविधि की सूचना तत्काल निकटतम थाना को दें।



إرسال تعليق