लेगेसी वेस्ट रेमेडिएशन कार्य में तेजी, शहर को मिलेगा स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण
मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने कचरा प्रसंस्करण केंद्रों का किया निरीक्षण
फरीद खान से फरीद खान की रिपोर्ट
शहडोल। नगर पालिका परिषद शहडोल द्वारा शहर में वर्षों से डंपिंग साइट पर जमा पुराने ठोस कचरे (लेगेसी वेस्ट) के वैज्ञानिक निस्तारण हेतु रेमेडिएशन कार्य में तेजी लाई गई है। इस पहल का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ नागरिकों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराना है।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती आशा भंडारी ने जमुआ एवं कोटमा स्थित कचरा प्रसंस्करण केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कुछ स्थानों पर कचरे की अव्यवस्थित स्थिति पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की तथा संबंधित ठेकेदार को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि डंपिंग ग्राउंड पर आधुनिक मशीनों के माध्यम से कचरे की वैज्ञानिक छंटाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
रेमेडिएशन प्रक्रिया के अंतर्गत प्लास्टिक, धातु एवं अन्य पुनर्चक्रण योग्य सामग्री को अलग कर अधिकृत रिसाइक्लिंग इकाइयों को भेजा जा रहा है, जबकि अनुपयोगी अवशेषों का सुरक्षित एवं वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार, कार्य पूर्ण होने के पश्चात डंपिंग स्थल से निकलने वाली दुर्गंध, हानिकारक गैसों के उत्सर्जन तथा भूजल प्रदूषण में उल्लेखनीय कमी आएगी, जिससे आसपास के क्षेत्रों में निवासरत नागरिकों को राहत मिलेगी।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने बताया कि यह कार्य शासन की स्वच्छता संबंधी योजनाओं के अंतर्गत प्राथमिकता के आधार पर कराया जा रहा है। रेमेडिएशन कार्य पूर्ण होने के बाद खाली हुई भूमि का उपयोग हरित क्षेत्र विकसित करने अथवा अन्य जनहितकारी परियोजनाओं में किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने न्यू बस स्टैंड एवं नगर में अमृत 2.0 के अंतर्गत पुरानी बस्ती ,जिला चिकित्सालय के पास निर्माण की जा रही पानी टंकी का निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को कार्यों में गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
नगर पालिका परिषद ने नागरिकों से अपील की है कि वे घरों में गीले एवं सूखे कचरे का पृथक्करण अनिवार्य रूप से करें और स्वच्छता बनाए रखने में सक्रिय सहयोग दें, ताकि भविष्य में लेगेसी वेस्ट जैसी स्थिति उत्पन्न न हो। निरीक्षण के दौरान नगर पालिका के पुनीत त्रिपाठी ,शरद द्विवेदी, मोतीलाल सिंह ,अनिल महोबिया, हरिओम तोमर एवं अन्य कर्मचारी मौजूद रहे

إرسال تعليق