थाना जयसिंहनगर पुलिस की बड़ी कार्य़वाही, 350 किलोग्राम गांजा एवं दो वाहन जप्त, एक आरोपी गिरफ्तार
शहडोल। थाना जयसिंहनगर पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध प्रभावी कार्य़वाही करते हुए 350.500 किलोग्राम गांजा, दो चार पहिया वाहन एवं दो मोबाइल फोन जप्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
30 मई 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि दो, चार पहिया वाहनों में भारी मात्रा में गांजा भरकर जनकपुर रोड बाईपास जयसिंहनगर मार्ग से परिवहन किया जा रहा है। सूचना पर थाना जयसिंहनगर पुलिस द्वारा तत्काल नाकाबंदी कर वाहन चेकिंग प्रारंभ की गई।
चेकिंग के दौरान एक स्विफ्ट कार क्रमांक DL2CAY6564 एवं उसके पीछे चल रही इनोवा कार क्रमांक MH04DJ7017 को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर इनोवा वाहन में सवार दो व्यक्ति तथा स्विफ्ट कार का चालक जंगल की ओर भाग गए। स्विफ्ट कार में बैठे एक व्यक्ति को पुलिस ने मौके पर पकड़ लिया, जिसने अपना नाम राहुल कुमार चर्मकार पिता राकेश कुमार चर्मकार उम्र 20 वर्ष निवासी प्रतापपुर, थाना अदलहट, जिला मिर्जापुर (उत्तर प्रदेश) बताया।
वाहनों की तलाशी लेने पर स्विफ्ट कार से 02 बोरियों में भरा कुल 102 किलोग्राम गांजा तथा इनोवा वाहन से 05 बोरियों में भरा कुल 248.500 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। दोनों वाहनों से कुल 350.500 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।
पूछताछ एवं आरोपी के मेमोरेण्डम के आधार पर प्रकरण में कन्हैया जायसवाल निवासी चंदेला, जोगेन्द्र उर्फ जोगेन्द्र ठाकुर निवासी चंदेला तथा नीरज निवासी गौतम बुद्ध नगर (उत्तर प्रदेश) की संलिप्तता सामने आई है, जिनकी तलाश की जा रही है।
जप्ती का विवरण -
मादक पदार्थ गांजा – 350.500 किलोग्राम, अनुमानित कीमत 35 लाख 05 हजार रुपये।
स्विफ्ट कार क्रमांक DL2CAY6564 – अनुमानित कीमत 06 लाख रुपये।
इनोवा कार क्रमांक MH04DJ7017 – अनुमानित कीमत 20 लाख रुपये।
02 नग मोबाइल फोन – अनुमानित कीमत 07 हजार रुपये।
दोनों वाहनों से एक-एक अतिरिक्त नंबर प्लेट भी बरामद की गई। जप्त संपत्ति का कुल अनुमानित मूल्य 61 लाख 12 हजार रुपये है।
आरोपी राहुल कुमार चर्मकार को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध तथा फरार आरोपियों के विरुद्ध धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
सराहनीय भूमिका
उक्त कार्यवाही में, निरीक्षक अजय कुमार थाना प्रभारी जयसिहनगर के नेतृत्व में, प्रआर.117 बारेलाल सिंह, आर. आशीष कुशवाहा, आर. नीरज शुक्ला, आर. सुजीत सिंह, आर. अर्जुन बाथोले, मआर. खुशबू लोधी, आर. शिवम चौरसिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही ।

एक टिप्पणी भेजें