कलेक्ट्रेट में साप्ताहिक जनसुनवाई आयोजित, कलेक्टर ने सुनीं आमजन की समस्याएं
शहडोल। कलेक्ट्रेट कार्यालय स्थित सोन सभागार में मंगलवार को साप्ताहिक जनसुनवाई का आयोजन किया गया। जनसुनवाई में कलेक्टर डॉ. केदार सिंह ने जिले के विभिन्न दूरस्थ क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं एवं शिकायतें गंभीरता से सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान ग्राम बेम्हौरी निवासी राकेश पाल ने राशन कार्ड बनवाने संबंधी, तहसील जैतपुर अंतर्गत ग्राम बहगढ निवासी सोनम प्रजापति ने आंगनबाड़ी केंद्र कोलान टोला बहगढ़ में आंगनबाड़ी सहायिका भर्ती की जांच कराने, ग्राम पंचायत पाथर निवासी आशा सिंह ने वेतन दिलाए जाने तथा बुढार तहसील के ग्राम खमरौंध निवासी बिपाशा बाई ने विकलांग पेंशन योजना का लाभ दिलाने हेतु आवेदन किया। कलेक्टर डॉ. केदार सिंह ने सभी प्राप्त आवेदनों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रेषित करते हुए शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का समय-सीमा में निराकरण प्रशासन की प्राथमिकता है।
जनसुनवाई में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री शिवम प्रजापति सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें