ऑपरेशन मुस्कान के तहत अनूपपुर पुलिस की बड़ी सफलता, दिल्ली से नाबालिग बालिका दस्तयाब, आरोपी गिरफ्तार
अनूपपुर। पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा नाबालिग बालक-बालिकाओं की दस्तयाबी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान "ऑपरेशन मुस्कान" के तहत अनूपपुर पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगन्नाथ मरकाम तथा एसडीओपी नवीन तिवारी के मार्गदर्शन में कोतवाली अनूपपुर पुलिस ने 17 वर्षीय नाबालिग बालिका को दिल्ली से सकुशल दस्तयाब कर परिजनों को सुपुर्द किया है।
जानकारी के अनुसार 20 मई 2026 को नाबालिग बालिका के घर से बिना बताए चले जाने की शिकायत पर थाना कोतवाली अनूपपुर में अपराध क्रमांक 286/26 धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी अरविंद जैन के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों एवं साइबर सेल की सहायता से लगातार पतासाजी करते हुए बालिका को दिल्ली के थाना खयाला क्षेत्र स्थित रूप ढाबा के पास से आरोपी के कब्जे से बरामद किया। पुलिस ने आरोपी सोनू कुमार (29 वर्ष), निवासी पटना, बिहार को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की विस्तृत विवेचना जारी है।
जांच में सामने आया कि नाबालिग बालिका की आरोपी से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक के माध्यम से पहचान हुई थी। आरोपी ने फेसबुक पर लगातार संपर्क कर उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ दिल्ली ले गया था।
इस कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक सुरेंद्र प्रताप सिंह, प्रधान आरक्षक महेंद्र राठौर, आरक्षक दीपक बुंदेला, महिला आरक्षक अंकिता सोनी तथा साइबर सेल के प्रधान आरक्षक राजेंद्र अहिरवार एवं आरक्षक पंकज मिश्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सोशल मीडिया के प्रति सतर्क रहने की अपील
पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों द्वारा सोशल मीडिया के उपयोग पर सतत निगरानी रखें। उन्होंने कहा कि फेसबुक, इंस्टाग्राम, व्हाट्सएप और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के दुरुपयोग से बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए अभिभावकों की सजगता अत्यंत आवश्यक है।

إرسال تعليق