शहडोल:अंधे कत्ल का पर्दाफाश, बुजुर्ग की हत्या एवं लूट के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार

अंधे कत्ल का पर्दाफाश, बुजुर्ग की हत्या एवं लूट के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार

शहडोल। थाना कोतवाली शहडोल पुलिस ने एक बुजुर्ग व्यक्ति की हत्या एवं लूट के मामले का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

दिनांक 03 जून 2026 को थाना कोतवाली शहडोल क्षेत्र अंतर्गत वार्ड क्रमांक 16, विवेक नगर स्थित सूर्या इंटरनेशनल होटल के सामने एक मकान में बुजुर्ग व्यक्ति का शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई। मृतक की पहचान जगदीश प्रसाद मिश्रा के रूप में हुई, जो घर में अकेले निवास करते थे। प्रारंभिक जांच में अज्ञात व्यक्ति द्वारा घर में प्रवेश कर हत्या किए जाने की आशंका सामने आई। मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना कोतवाली पुलिस द्वारा तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण कर तकनीकी साक्ष्यों एवं अन्य उपलब्ध सुरागों के आधार पर संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान की गई। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।

गिरफ्तार आरोपीगण

1. देवानंद महरा पिता श्रवण महरा, उम्र 25 वर्ष, निवासी ग्राम कठौतिया, थाना सिंहपुर, जिला शहडोल, हाल निवासी वार्ड क्रमांक 03, सोहागपुर, जिला शहडोल।

2. अनुश्री परस्ते पिता स्वर्गीय नथ्य सिंह परस्ते, उम्र 21 वर्ष, निवासी ग्राम मालाचऊ, थाना पाली, जिला उमरिया।

विवेचना में ज्ञात हुआ कि दोनों आरोपी एक होटल में कार्यरत थे। मृतक का निवास उक्त होटल के सामने स्थित होने के कारण आरोपी देवानंद का वहां आना-जाना था। इसी दौरान उसे जानकारी मिली कि मृतक सेवानिवृत्त बैंक कर्मचारी हैं तथा अकेले रहते हैं। आर्थिक लाभ प्राप्त करने की नीयत से दोनों आरोपियों ने योजना बनाकर अनुश्री को मृतक के घर घरेलू कार्य हेतु लगवाया। इसी दौरान घर की गतिविधियों एवं संपत्ति संबंधी जानकारी प्राप्त की गई। दिनांक 02 जून 2026 की रात्रि में पूर्व नियोजित योजना के तहत दोनों आरोपियों ने घटना को अंजाम दिया। घटना के पश्चात आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

सराहनीय भूमिका

उक्त प्रकरण के सफल खुलासे में थाना प्रभारी कोतवाली के नेतृत्व में थाना कोतवाली पुलिस टीम एवं साइबर सेल शहडोल की टीम की सराहनीय भूमिका रही।

Post a Comment

और नया पुराने