धनपुरी पुलिस की बड़ी कार्यवाही, 179.28 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब एवं आर्टिका वाहन जप्त
शहडोल। शहडोल जिले की धनपुरी में अवैध मादक पदार्थों एवं अवैध शराब के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना धनपुरी पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है।
3 जुलाई 2026 की दरम्यानी रात्रि में थाना धनपुरी पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम बंदरचुई (खोह) स्थित क्रेशर के समीप जंगल के रास्ते में एक संदिग्ध आर्टिका वाहन अवैध शराब के साथ खड़ा है। सूचना पर तत्काल थाना धनपुरी पुलिस टीम द्वारा योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर दबिश दी गई। मौके पर आर्टिका वाहन क्रमांक MP-65-ZD-2292 संदिग्ध अवस्था में खड़ा मिला। वाहन की विधिवत तलाशी लेने पर उसमें 18 पेटी अंग्रेजी गोवा शराब एवं 2 पेटी 8 PM अंग्रेजी शराब बरामद हुई। जप्त शराब की कुल मात्रा 179.28 लीटर तथा अनुमानित कीमत ₹1,37,916/- है। उक्त अवैध शराब एवं परिवहन में प्रयुक्त आर्टिका वाहन को विधिवत जप्त किया गया।
प्रकरण में थाना धनपुरी में अज्ञात वाहन चालक एवं वाहन स्वामी बब्बू नायक, निवासी भेजरी, थाना अमरकंटक, जिला अनूपपुर (म.प्र.) के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु पुलिस द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
सराहनीय भूमिका
उक्त कार्रवाई में थाना धनपुरी के थाना प्रभारी निरीक्षक खेमसिंह पेन्द्रो के नेतृत्व में उपनिरीक्षक नागेन्द्र प्रताप सिंह, सहायक उपनिरीक्षक भारत सिंह, प्रधान आरक्षक रामनाथ बांधव, प्रधान आरक्षक राकेश सिंह, प्रधान आरक्षक हेमन्त सिंह, प्रधान आरक्षक अशोक बरकड़े तथा आरक्षक अमित सिंह एवं आरक्षक जयप्रकाश की सराहनीय भूमिका रही।


एक टिप्पणी भेजें