अनूपपुर:सेफ क्लिक 2.0 अभियान: अनूपपुर में 500 छात्र-छात्राओं ने निकाली साइबर जागरूकता रैली

सेफ क्लिक 2.0 अभियान: अनूपपुर में 500 छात्र-छात्राओं ने निकाली साइबर जागरूकता रैली


अनूपपुर। मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा साइबर अपराधों की रोकथाम एवं जनजागरूकता के उद्देश्य से चलाए जा रहे "सेफ क्लिक 2.0" अभियान के तहत मंगलवार को कोतवाली अनूपपुर पुलिस ने शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अनूपपुर के लगभग 500 छात्र-छात्राओं और शिक्षकों के साथ विशाल साइबर जागरूकता रैली का आयोजन किया।
यह अभियान 24 जून से 8 जुलाई 2026 तक पूरे मध्यप्रदेश में संचालित किया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगन्नाथ मरकाम एवं एसडीओपी नवीन तिवारी के मार्गदर्शन में जिलेभर में साइबर सुरक्षा को लेकर विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

दो किलोमीटर तक निकली जागरूकता रैली
रैली की शुरुआत शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय से हुई, जो शंकर मंदिर तिराहा होते हुए अमरकंटक तिराहा तक पहुंची और पुनः विद्यालय में समाप्त हुई। करीब दो किलोमीटर लंबी इस रैली में छात्र-छात्राओं ने हाथों में तख्तियां और फ्लैक्स लेकर साइबर सुरक्षा के संदेश दिए।

टीआई अरविंद जैन के नेतृत्व में पुलिस टीम रही मौजूद
कार्यक्रम में थाना प्रभारी अरविंद जैन के साथ सहायक उपनिरीक्षक गोविंद पनिका, आरक्षक प्रकाश तिवारी, अमित यादव एवं अर्जुन भदौरिया उपस्थित रहे। वहीं विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य आर.के. बाधवा सहित शिक्षक शिवनिवास तिवारी, रमाकांत द्विवेदी, प्रशांत पांडेय, कैलाश लाढिया, तबस्सुम, श्वेता, अर्चना मिश्रा, प्रियंका सिंह एवं हेतराम साहू ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई।

इन नारों से दिया साइबर सुरक्षा का संदेश
रैली के दौरान छात्र-छात्राओं ने आकर्षक नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया—
अंजान लिंक पर क्लिक नहीं, साइबर ठगी को मौका नहीं।
साइबर सुरक्षा हर नागरिक की जिम्मेदारी।

मजबूत पासवर्ड अपनाएं, साइबर हमलों को दूर भगाएं।
ओटीपी, पिन और पासवर्ड साझा किया तो मिलेगा दर्द।

लालच में न आएं, साइबर ठगी से खुद को बचाएं।
अजनबी कॉल और फर्जी संदेश से रहें सावधान।

रुकें, सोचें, सत्यापित करें, फिर क्लिक करें।
ऑनलाइन लेन-देन में जल्दबाजी नहीं, समझदारी अपनाएं।

सेफ क्लिक अपनाएं, अपनी कमाई बचाएं।
सुरक्षित क्लिक, सुरक्षित भविष्य।

साइबर अपराधों से सतर्क रहने की अपील

रैली के समापन पर कोतवाली पुलिस ने छात्र-छात्राओं एवं आम नागरिकों से अपील की कि वे किसी भी अज्ञात लिंक पर क्लिक न करें, अपनी व्यक्तिगत बैंकिंग जानकारी, ओटीपी और पासवर्ड किसी से साझा न करें तथा किसी भी संदिग्ध साइबर गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस अथवा साइबर हेल्पलाइन को दें। अभियान का उद्देश्य नागरिकों को डिजिटल दुनिया में सुरक्षित व्यवहार के प्रति जागरूक बनाना है।

Post a Comment

أحدث أقدم