शहडोल:बंगवार कोयला खदान के ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप, पीड़ित परिवार ने कलेक्टर से मुआवजा और कार्यवाही की मांग

बंगवार कोयला खदान के ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप, पीड़ित परिवार ने कलेक्टर से मुआवजा और कार्यवाही की मांग

शहडोल। बुढार थाना क्षेत्र के ग्राम बेम्हौरी निवासी एक महिला ने कलेक्टर शहडोल को ज्ञापन सौंपकर बंगवार कॉलरी के एक ठेकेदार और उसके मुंशी पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। महिला ने अपने घायल पति के इलाज, आर्थिक सहायता, नियमानुसार मुआवजा दिलाने तथा संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्यवाही की मांग की है।

शिकायत के अनुसार, महिला के पति पिछले 7-8 वर्षों से बंगवार कॉलरी में ठेकेदार रवि जायसवाल और उसके मुंशी मजीद के अधीन कार्य कर रहे थे। महिला का आरोप है कि ठेकेदार और मुंशी ने काम के दौरान किसी भी दुर्घटना की जिम्मेदारी लेने का आश्वासन दिया था।

महिला ने शिकायत में आरोप लगाया है कि 5 जून 2026 को कोयला खदान में कार्य के दौरान संबंधित अधिकारियों को पहले से जानकारी थी कि खदान का एक हिस्सा धंस सकता है। इसके बावजूद उनके पति को न तो खतरे की जानकारी दी गई और न ही काम करने से रोका गया। काम के दौरान खदान धंसने से उनके पति के दोनों हाथों सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं, जिनका उपचार अभी जारी है।

महिला ने बताया कि उनके पति ही परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य हैं। दुर्घटना के बाद परिवार आर्थिक संकट से गुजर रहा है तथा छोटे बच्चों के पालन-पोषण और इलाज का खर्च उठाना कठिन हो गया है।

कलेक्टर को दिए गए शिकायत में महिला ने बंगवार कॉलरी के ठेकेदार और मुंशी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्यवाही करने, घायल मजदूर के इलाज के लिए सहायता राशि उपलब्ध कराने तथा कॉलरी के नियमों के अनुसार मुआवजा दिलाने की मांग की है।

Post a Comment

और नया पुराने