शहडोल:सोहागपुर उप पंजीयक पर भ्रष्टाचार और अवैध वसूली के आरोप, जांच की मांग

सोहागपुर उप पंजीयक पर भ्रष्टाचार और अवैध वसूली के आरोप, जांच की मांग

शहडोल। सोहागपुर उप पंजीयक कार्यालय में पदस्थ उप पंजीयक सचिन जैन के खिलाफ पंजीयन कार्यों में कथित अनियमितता, अवैध वसूली और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए उच्च स्तरीय जांच की मांग की गई है। इस संबंध में दिए गए शिकायत पत्र में आरोप लगाया गया है कि मध्यप्रदेश शासन की गाइडलाइन एवं प्रचलित नियमों का मनमाने ढंग से उपयोग कर आम नागरिकों और पक्षकारों को अनावश्यक रूप से परेशान किया जा रहा है तथा विभिन्न मामलों में अवैध धनराशि की मांग की जाती है।

शिकायत के अनुसार, आवासीय भूखंडों को कथित रूप से व्यावसायिक श्रेणी में दर्शाकर अधिक बाजार मूल्य और स्टाम्प शुल्क निर्धारित किया जाता है। बाद में प्रकरण में संशोधन के नाम पर पक्षकारों से अवैध वसूली किए जाने का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि पूर्व में पंजीबद्ध दस्तावेजों की जांच से इन आरोपों की पुष्टि हो सकती है।

शिकायत में यह भी आरोप है कि संपदा-2 प्रणाली में जियो टैगिंग प्रक्रिया का उपयोग वास्तविक स्थिति के अनुरूप करने के बजाय अनावश्यक आपत्तियां लगाकर पक्षकारों पर दबाव बनाने और कथित रूप से अवैध वसूली के लिए किया जा रहा है। साथ ही सहखातेदार एवं संयुक्त खातों के पंजीयन मामलों में भी नियमों की गलत व्याख्या कर प्रकरण लंबित रखने तथा आर्थिक लाभ लेने के आरोप लगाए गए हैं।

शिकायतकर्ताओं ने मांग की है कि पूरे मामले की उच्च स्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए, जांच पूरी होने तक संबंधित उप पंजीयक को पंजीयन कार्य से पृथक रखा जाए तथा सोहागपुर उप पंजीयक कार्यालय का प्रभार अस्थायी रूप से जैसिंघनगर के उप पंजीयक को सौंपा जाए। इसके अलावा आवासीय भूमि के व्यावसायिक मूल्यांकन, जियो टैगिंग और संयुक्त खातों से जुड़े सभी विवादित प्रकरणों की समीक्षा कर आरोप सही पाए जाने पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम सहित प्रचलित नियमों के तहत कठोर कार्रवाई की मांग की गई है।

शिकायतकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई नहीं की गई तो शहडोल जिले के समस्त सेवाप्रदाता कलमबंद हड़ताल करने के लिए बाध्य होंगे।

Post a Comment

और नया पुराने