रामनगर पुलिस की तत्परता: 24 घंटे के भीतर गुमशुदा युवक सकुशल दस्तयाब, परिजनों ने जताया आभार
अनूपपुर। थाना रामनगर पुलिस ने तत्परता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए गुमशुदा 23 वर्षीय युवक को महज 24 घंटे के भीतर सकुशल दस्तयाब कर परिजनों को राहत पहुंचाई। युवक के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने रामनगर पुलिस की त्वरित कार्यवाही की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजनगर के वार्ड क्रमांक 04, दुर्गा मंदिर सीधी दफाई निवासी कुसुमकली साहू (49) ने 26 सितंबर 2026 को थाना रामनगर में अपने पुत्र छविलाल साहू (23) की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनका पुत्र 25 सितंबर की रात अचानक घर से लापता हो गया था। परिजनों ने आसपास के क्षेत्रों और रिश्तेदारों के यहां उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। युवक का मोबाइल फोन भी बंद आ रहा था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अपराध क्रमांक 275/26, धारा 140(3) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर तत्काल तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने तकनीकी जानकारी और स्थानीय स्तर पर लगातार पतासाजी करते हुए गुमशुदा युवक को 24 घंटे के भीतर सकुशल दस्तयाब कर लिया। युवक के सुरक्षित मिलने से परिजनों ने राहत की सांस ली।
एसपी के निर्देशन में पुलिस टीम की तत्परता
यह कार्यवाही पुलिस अधीक्षक अनूपपुर श्री विक्रांत मुराब (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री जगन्नाथ मरकाम के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी कोतमा श्रीमती आरती शाक्य के पर्यवेक्षण में की गई। प्रकरण में युवक के कथन दर्ज करने सहित आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्यवाही में थाना प्रभारी सुमित कौशिक, सहायक उपनिरीक्षक विनोद नाहर, प्रधान आरक्षक विनोद मिंज एवं आरक्षक मदगेन्द्र पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की त्वरित कार्यवाही से युवक के सकुशल घर लौटने पर परिजनों ने पुलिस टीम के प्रति आभार जताया।

إرسال تعليق