शहडोल:खाद्य विभाग का अधिकारी बताकर घर में घुसे चार लोग, सिलेण्डर जांच को लेकर मचा विवाद

खाद्य विभाग का अधिकारी बताकर घर में घुसे चार लोग, सिलेण्डर जांच को लेकर मचा विवाद

शहडोल। सोहागपुर थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर-03 में सिलेण्डर जांच के बहाने चार अज्ञात व्यक्तियों ने घर में घुसने और महिलाओं से रसोई में रखे चालू सिलेण्डर बाहर ले जाने का मामला सामने आया है। मामले में शिव सुधीर गुप्ता ने पुलिस अधीक्षक शहडोल और थाना सोहागपुर में शिकायत देकर जांच एवं कार्यवाही करने की मांग की है।


शिकायतकर्ता ने बताया  कि 17 सितंबर 2026 को दोपहर करीब 1:30 बजे चार व्यक्ति उनके घर में पहुंचे। उस समय घर में कोई पुरुष सदस्य मौजूद नहीं था। आरोप है, कि उक्त लोगों ने खाद्य विभाग का अधिकारी बताते हुए परिवार की महिलाओं से रसोई में रखे सिलेण्डर बाहर निकलवा लिए और घर के कमरों में सामान की जांच करने लगे। शिकायतकर्ता का आरोप है, कि संबंधित व्यक्तियों ने न तो कोई आईडी दिखाई और न ही घर में प्रवेश की अनुमति संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत किए।

परिवार के पुरुष सदस्यों को सूचना मिलने पर वे घर पहुंचे और सिलेण्डर वापस लेकर रसोई में रखे। इस दौरान कथित रूप से विवाद की स्थिति बनने पर परिजनों ने 112 पर पुलिस को सूचना दी। शिकायत के मुताबिक पुलिस के पहुंचने पर संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ की गई, जिसके बाद वे बोलेरो वाहन से वहां से चले गए।



शिकायतकर्ता ने अपनी शिकायत में प्रदीप द्विवेदी का भी उल्लेख करते हुए, पूर्व में सिलेण्डर चोरी से संबंधित शिकायत किए जाने का दावा किया है। उन्होंने पुराने मामले में कार्यवाही नहीं होने तथा सिलेण्डर वापस करने के नाम पर कथित रूप से 15 हजार रुपए लिए जाने के आरोप भी लगाए हैं।

शिव सुधीर गुप्ता ने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की जांच कर घर में मौजूद छह परिवारों के सिलेण्डरों से संबंधित दस्तावेजों का परीक्षण कराने तथा दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्यवाही की मांग की है।

Post a Comment

أحدث أقدم