शहडोल:शासन की योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों की सफलता की कहानियां विभिन्न माध्यमों से आमजन तक पहुंचाएं

 शासन की योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों की सफलता की कहानियां विभिन्न माध्यमों से आमजन तक पहुंचाएं

शहडोल।  प्रभारी अपर मुख्य सचिव लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग  सचिन सिन्हा ने आज सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत पूरे माह विभिन्न विभागों के माध्यम से जनकल्याणकारी गतिविधियां संचालित की जाएं तथा इनमें अधिक से अधिक आमजन एवं जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए।

अपर मुख्य सचिव श्री सिन्हा ने निर्देश दिए कि शासन की विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित होने वाले हितग्राहियों की सफलता की कहानियों को विभिन्न माध्यमों से आमजन तक पहुंचाया जाए, ताकि योजनाओं से मिलने वाले लाभ की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके और पात्र हितग्राही भी इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित हों।

सामाजिक सरोकार जनजागरूकता गतिविधियों के तहत उन्होंने स्वच्छता एवं जल संरक्षण से संबंधित गतिविधियों के साथ ही शासकीय भवनों, विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में ओव्हर हेड टैंक का अभियान चलाकर सफाई कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही महिला एवं बाल विकास तथा स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं के माध्यम से अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान जनहित से जुड़ी गतिविधियों को प्राथमिकता देते हुए योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। आपने निर्देश दिए कि कैरियर काउंसलिंग का आयोजन जिले के सभी महाविद्यालयों, इंजीनियरिंग कॉलेज, पॉलीटेक्निक तथा आईटीआई में किया जाए। साथ ही स्व सहायता समूहों द्वारा तैयार उत्पाद के विक्रय हेतु अन्य प्लेटफार्मों से जोड़कर महिलाओं को लाभान्वित किया जाए। 

अपर मुख्य सचिव ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के सभी कार्यक्रमों का सुचारू संचालन शासकीय विभागों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं जनप्रतिनिधियों के आपसी समन्वय से किया जाए। उन्होंने अभियान के उद्देश्यों को व्यापक रूप से आमजन तक पहुंचाने तथा प्रत्येक गतिविधि में जनभागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया।

बैठक में कलेक्टर  पार्थ जायसवाल ने जिले में सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न विभागों के माध्यम से संचालित होने वाली गतिविधियों की तिथिवार कार्ययोजना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत विभागवार गतिविधियों का आयोजन निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार किया जाएगा तथा संबंधित विभागों को आवश्यक दायित्व सौंपे गए हैं।

समीक्षा के दौरान सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों, विभागीय समन्वय, जनभागीदारी तथा विभिन्न योजनाओं के माध्यम से हितग्राहियों को लाभान्वित किए जाने संबंधी बिंदुओं पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों को अभियान के दौरान निर्धारित गतिविधियों का प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में सीईओ जिला पंचायत  शिवम प्रजापति, अपर कलेक्टर  सरोधन सिंह, श्रीमती मिनिषा पाण्डेय, प्रभारी एसडीएम सोहागपुर  भागीरथी लहरे सहित सभी विभागों के जिला प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

أحدث أقدم