शहडोल:शहडोल के मेधावी फुटबॉलर सार्थक पाठक का 70वीं राष्ट्रीय शालेय फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए चयन

शहडोल के मेधावी फुटबॉलर सार्थक पाठक का 70वीं राष्ट्रीय शालेय फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए चयन

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर मध्यप्रदेश शालेय दल में मिली जगह, संयुक्त संचालक लोक शिक्षण ने सम्मानित कर दी शुभकामनाएं

शहडोल। शहडोल के मेधावी फुटबॉल खिलाड़ी सार्थक पाठक का चयन 70वीं राष्ट्रीय शालेय फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए मध्यप्रदेश शालेय दल में किया गया है। सार्थक ने शालेय राज्य स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता में शहडोल संभाग की टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन किया था। उनकी इस उपलब्धि से जिले का गौरव बढ़ा है।

सहायक संचालक खेल एवं एनआईएस फुटबॉल कोच रईस अहमद ने बताया कि शाजापुर/सुजालपुर में 3 से 7 अक्टूबर 2026 तक आयोजित शालेय राज्य स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता के 17 वर्ष आयु वर्ग बालक वर्ग में शहडोल संभाग की टीम से भाग लेते हुए सार्थक पाठक ने शानदार प्रदर्शन किया। इसी प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन मध्यप्रदेश शालेय दल के लिए हुआ है।

सार्थक पाठक,  सतीश पाठक के पुत्र हैं तथा गुड शेफर्ड हायर सेकेंडरी स्कूल, शहडोल में कक्षा 9वीं के छात्र हैं। वे उत्तर प्रदेश के वीर लोरिक स्पोर्ट्स स्टेडियम में 2 से 6 नवंबर 2026 तक आयोजित होने वाली 70वीं राष्ट्रीय शालेय फुटबॉल प्रतियोगिता के 17 वर्ष आयु वर्ग बालक वर्ग में मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।

प्री-नेशनल कोचिंग कैंप 26 अक्टूबर से

राष्ट्रीय प्रतियोगिता की तैयारी के लिए 26 से 30 अक्टूबर 2026 तक प्री-नेशनल कोचिंग कैंप आयोजित किया जाएगा। यह शिविर जिला शिक्षा अधिकारी, जिला श्योपुर के मार्गदर्शन में संपन्न होगा। शिविर के माध्यम से चयनित खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए तैयारी का अवसर मिलेगा।

संयुक्त संचालक ने किया सम्मानित

सार्थक पाठक के राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित होने पर संयुक्त संचालक, लोक शिक्षण शहडोल संभाग श्री उमेश कुमार धुर्वे ने उन्हें ट्रैक सूट, टी-शर्ट, नेकर, जूते एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने छात्र खिलाड़ी को आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए आत्मीय शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर सहायक संचालक आर.के. मंगलानी, संभागीय व्यावसायिक समन्वयक  अरुण कुमार कुशराम, सहायक संचालक खेल  रईस अहमद, खेल अधिकारी  सुदर्शन मिश्रा, आईटी सेल सहायक  अमजद रंगरेज तथा फुटबॉल कोच  इंद्रजीत उपस्थित रहे।

सार्थक पाठक का राष्ट्रीय शालेय फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए चयन उनकी खेल प्रतिभा और मेहनत का परिचायक है। अब वे राष्ट्रीय स्तर पर मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी प्रतिभा दिखाएंगे।

Post a Comment

أحدث أقدم