राष्ट्रीय एकता दिवस' के अवसर पर शहडोल पुलिस द्वारा 'रन फॉर यूनिटी' का भव्य आयोजन
शहडोल। स्वतंत्र भारत के प्रथम गृह मंत्री एवं 'लौह पुरुष' सरदार वल्लभभाई पटेल जी की 151वीं जयंती तथा 'राष्ट्रीय एकता दिवस' के पावन अवसर पर आज दिनांक 31 अक्टूबर 2026 को जिला पुलिस बल, शहडोल द्वारा देश की एकता, अखंडता और भाईचारे का संदेश देने हेतु एक विशाल मैराथन (रन फॉर यूनिटी) का भव्य आयोजन किया गया।
मैराथन का शुभारंभ प्रातः शहर के प्रमुख जय स्तम्भ चौक से हुआ। इस गरिमामय कार्यक्रम में जयसिंहनगर विधायक श्रीमती मनीषा सिंह, पुलिस अधीक्षक शहडोल डॉ. संजय अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक दीवान, एडीएम सरोधन सिंह और एसडीएम सोहागपुर श्रीमती अमृता गर्ग विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों एवं वरिष्ठ अधिकारियों ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर मैराथन को रवाना किया और धावकों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में शामिल धावकों ने पूरे उत्साह के साथ दौड़ लगाते हुए जय स्तम्भ चौक से गांधी स्टेडियम, शहडोल तक का मार्ग तय किया। मैराथन के गांधी स्टेडियम पहुंचने पर समापन समारोह का आयोजन किया गया, जहाँ उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों, जवानों, युवाओं और आम नागरिकों को देश की 'राष्ट्रीय एकता और अखंडता' को अक्षुण्ण बनाए रखने की शपथ दिलाई गई।
आयोजन के अंत में, जिला पुलिस बल, शहडोल की ओर से इस कार्यक्रम को गरिमामय और सफल बनाने के लिए सभी विशिष्ट अतिथियों, प्रतिभागियों, युवाओं एवं नगरवासियों का हार्दिक आभार व्यक्त किया गया।

إرسال تعليق