शहडोल:रिलायंस द्वारा आयोजित छह दिवसीय डी लाइसेंस फुटबॉल कोर्स का सफल समापन

मुख्य अतिथि कलेक्टर डॉ. केदार सिंह ने वितरित किए प्रमाण पत्र

शहडोल। रिलायंस सीबीएम प्रोजेक्ट, शहडोल द्वारा आयोजित छह दिवसीय AIFF डी लाइसेंस फुटबॉल कोचिंग कोर्स का समापन आज एक भव्य समारोह में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शहडोल कलेक्टर डॉ. केदार सिंह रहे, जिन्होंने प्रशिक्षण में भाग लेने वाले 24 युवा कोचों को प्रमाण पत्र वितरित किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

यह प्रशिक्षण 15 से 20 जुलाई 2025 तक रिलायंस क्लब हाउस एवं विचारपुर खेल मैदान में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को ग्रासरूट्स फुटबॉल कोच के रूप में प्रशिक्षित कर उन्हें इस योग्य बनाना है कि वे जिले की नई पीढ़ी को आधुनिक एवं तकनीकी प्रशिक्षण देकर फुटबॉल में ऊंचाइयों तक पहुंचा सकें।

इस आयोजन को रिलायंस फाउंडेशन, मध्यप्रदेश फुटबॉल एसोसिएशन और ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन (AIFF) के सहयोग से आयोजित किया गया। AIFF द्वारा बेंगलुरु के अनुभवी प्रशिक्षक शिवा कुमार वरदराज को नियुक्त किया गया था, जिन्होंने प्रतिभागियों को थ्योरी क्लासेस और मैदान पर प्रैक्टिकल सेशंस के माध्यम से फुटबॉल कोचिंग की बारीकियों से अवगत कराया।

समापन समारोह की शुरुआत सरस्वती वंदना और दीप प्रज्वलन से हुई, जिसके बाद अतिथियों का पुष्पगुच्छ से स्वागत किया गया।

सीएसआर हेड श्री राजीव श्रीवास्तव ने कार्यक्रम की पृष्ठभूमि प्रस्तुत करते हुए कहा

“शहडोल जिले विशेषकर आदिवासी समुदाय के युवाओं में उनकी शारीरिक क्षमता के अनुरूप फुटबॉल को बढ़ावा देने की योजना के तहत यह कार्यक्रम शुरू किया गया है। रिलायंस फाउंडेशन यूथ स्पोर्ट्स और AIFF के सहयोग से प्रशिक्षित कोच तैयार कर प्रशिक्षण केंद्रों के माध्यम से स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।”

रिलायंस सीबीएम लायजन हेड बिज़ित झा ने सभी प्रतिभागियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं।

साइट हेड राजेश वर्मा ने कहा

“आप सभी प्रशिक्षित कोचों का प्रयास शहडोल में फुटबॉल को नई पहचान देगा। यह एक प्रेरक पहल है, जिससे जिले के खेल परिदृश्य में सकारात्मक बदलाव आएगा।”

प्रशिक्षक शिवा कुमार ने कहा

“शहडोल में फुटबॉल के लिए जबरदस्त ऊर्जा और संभावनाएं हैं। यहां के युवा कोचों में खिलाड़ियों को प्रशिक्षित करने का जुनून काबिले तारीफ है।”

मुख्य अतिथि डॉ. केदार सिंह ने रिलायंस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा

“एक अच्छा कोच ही अच्छे खिलाड़ी बना सकता है। शहडोल में फुटबॉल के लिए अनुकूल माहौल और उत्साहित युवा मौजूद हैं। मुझे विश्वास है कि यहां से प्रतिभाशाली खिलाड़ी निकलेंगे जो राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर जिले का नाम रोशन करेंगे।”


कार्यक्रम में प्रतिभागी कोचों ने भी अपने अनुभव साझा किए।

उनका कहना था—

“यह प्रशिक्षण हमें फुटबॉल की नवीन तकनीकों से परिचित कराने वाला रहा। थ्योरी और प्रैक्टिकल सत्रों ने हमें एक सशक्त कोच के रूप में तैयार किया है, जिससे हम बेहतर खिलाड़ियों को तैयार कर सकेंगे।”

प्रशिक्षण को सफल बनाने में रईस अहमद एन आई एस कोच एवं सहायक संचालक खेल का महत्वपूर्ण योगदान रहा 

समारोह के समापन पर सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए, सामूहिक ग्रुप फोटो लिया गया एवं प्रशिक्षक शिवा कुमार को स्मृति चिन्ह भेंट किया गया। कार्यक्रम का कुशल संचालन डॉ. शमीम द्वारा किया गया।







Post a Comment

أحدث أقدم