शारदेय नवरात्रि का शुभारंभ कल से, मंदिरों में भक्तों का उमड़ेगा सैलाब
शहडोल। शहडोल में कल से शारदेय नवरात्रि पर्व की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। कल, सोमवार 22 सितंबर से नवरात्रि का पावन पर्व प्रारंभ हो रहा है, जिसे लेकर शक्तिपीठों, देवी मंदिरों और दुर्गा पंडालों में जोर-शोर से तैयारियां की जा रही हैं। मंदिरों की सजावट से लेकर बिजली की व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं, और शहर में भक्तिमय वातावरण बन चुका है।
नगर के विभिन्न दुर्गा समिति सदस्यों ने बताया कि अधिकतर पंडालों की सजावट पूरी हो चुकी है और कल से शुरू हो रहे अनुष्ठानों के लिए सभी तैयार हैं। इस बार नवरात्रि पर्व दस दिनों तक चलेगा, जिसमें पूजा-अर्चना, आरती, भजन, जागरण और डांडिया नृत्य का आयोजन किया जाएगा।
विशेष रूप से विराटेश्वरी दुर्गा मंदिर शहडोल में पिछले एक सप्ताह से तैयारियां जारी हैं। रविवार को तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया, वहीं सोमवार को शुभ मुहूर्त में जवारा कलश की स्थापना की जाएगी। इसके साथ ही सुबह और शाम आरती, पूजा और अनुष्ठानों की श्रृंखला शुरू होगी।
जिले के प्रमुख मंदिरों जैसे
जैतपुर के भठिया देवी मंदिर
अंतरा की कंकाली देवी मंदिर
धनपुरी का ज्वालामुखी मंदिर
सिंहपुर का काली मंदिर
ब्यौहारी का शारदा मंदिर
शहडोल का बूढ़ी माता मंदिर, पौनांग मंदिर
केशवाही का मरखी माता मंदिर
आदि में भी भक्तों की भारी भीड़ जुटने की संभावना है।
सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन भी सतर्क है। मंदिर परिसरों में साफ-सफाई, रोशनी, पानी एवं शांति व्यवस्था के पूरे इंतजाम किए गए हैं।
इस बीच, जबलपुर के प्रसिद्ध कारीगरों द्वारा निर्मित माता रानी की भव्य प्रतिमाएं आज शहडोल पहुंच गई हैं और उन्हें आसपास के क्षेत्रों में स्थापित किया जा रहा है। घरौला मोहल्ला, एकता बिल्डिंग के सामने इन मूर्तियों को देखने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।
शारदेय नवरात्रि के इस पावन अवसर पर पूरा जिला भक्ति और श्रद्धा में डूबा नजर आ रहा है। कल से माता रानी के जयकारों से मंदिरों और पंडालों की गूंज आरंभ हो जाएगी।


إرسال تعليق