सेफ क्लिक 2.0 अभियान : गांव-गांव एवं हाट-बाजारों में पहुंचकर साइबर सुरक्षा के प्रति किया जा रहा जागरूक
शहडोल। मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा संचालित "सेफ क्लिक 2.0" साइबर जनजागरूकता अभियान के आठवें दिवस शहडोल पुलिस द्वारा जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में हाट-बाजारों एवं ग्राम-ग्राम पहुंचकर नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव संबंधी जानकारी प्रदान की गई। अभियान के दौरान विभिन्न साइबर जागरूकता सामग्री एवं संदेश साझा कर आमजन को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
जागरूकता कार्यक्रमों में नागरिकों को बताया गया कि यदि किसी अज्ञात व्यक्ति का संदिग्ध कॉल प्राप्त हो, जो स्वयं को पुलिस, सीबीआई, बैंक, कोर्ट, टेलीकॉम कंपनी अथवा अन्य सरकारी अधिकारी बताकर डराए, धमकाए या धनराशि की मांग करे, तो घबराएं नहीं, कॉल को तत्काल काट दें, किसी भी प्रकार की व्यक्तिगत जानकारी, बैंक खाता विवरण, OTP, PIN अथवा UPI संबंधी जानकारी साझा न करें तथा किसी भी लिंक या ऐप को डाउनलोड न करें। साथ ही नागरिकों को मोबाइल फोन की सुरक्षा के उपाय भी बताए गए, जिनमें केवल अधिकृत स्रोतों से ही ऐप डाउनलोड करना, मोबाइल एवं बैंकिंग ऐप को नियमित रूप से अपडेट रखना, मजबूत पासवर्ड एवं स्क्रीन लॉक का उपयोग करना, दो-स्तरीय सुरक्षा (Two-Factor Authentication) सक्षम करना तथा संदिग्ध लिंक एवं फर्जी निवेश संबंधी संदेशों से दूर रहने की सलाह दी गई।
शहडोल पुलिस द्वारा नागरिकों से अपील की गई कि किसी भी साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में बिना विलंब 1930 साइबर हेल्पलाइन पर कॉल करें अथवा NCRP पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

एक टिप्पणी भेजें