जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ में जल गंगा संवर्धन अभियान एवं वाटरशेड यात्रा महोत्सव का किया गया आयोजन
शहडोल। सांसद शहडोल संसदीय क्षेत्र श्रीमती हिमाद्री सिंह ने कहा है कि किसी भी प्राणी का जीवन प्रकृति, जल एवं वायु के बिना संभव नहीं है। यह सभी, सभी के जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, इनके बिना जीवन की कल्पना भी नहीं की जा सकती है। नदियां, सरोवर और अन्य जल स्त्रोत हमारे जीवन के आधार हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा प्रदेश में जल गंगा संवर्धन अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान प्रदेश एवं जिले भर में एक व्यापक जन-आंदोलन बन चुका है। सांसद शहडोल संसदीय क्षेत्र श्रीमती हिमाद्री सिंह आज अनूपपुर जिले के जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ के प्रांगण में आयोजित जल गंगा संवर्धन अभियान एवं वाटरशेड यात्रा महोत्सव कार्यक्रम को संबोधित कर रहीं थीं।
सांसद श्रीमती हिमाद्री सिंह ने कहा कि शासन ‘‘खेत का पानी खेत में-गांव का पानी गांव में’’ के सिद्धांत पर जल संरक्षण की दिशा में अभियान चला रही है। ‘‘जल गंगा संवर्धन अभियान’’ में जल संरक्षण को प्रोत्साहित करने के लिए वर्षा जल संचयन, जल स्त्रोतों का पुनर्जीवन और जल संरक्षण तकनीकों को अपनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। सांसद ने कहा कि ‘‘जल गंगा संवर्धन अभियान’’ प्रदेश में जल की प्रचुर उपलब्धता और भावी पीढ़ियों के लिए जल सुरक्षा सुनिश्चित करने में मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने कहा कि हम सभी के प्रयास से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 2047 तक विकसित भारत बनाने का संकल्प पूरा हो सकेगा, हम सभी इस उद्देश्य की पूर्ति हेतु अपना योगदान निभाएं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधानसभा क्षेत्र पुष्पराजगढ़ के विधायक फुंदेलाल सिंह मार्काे ने कहा कि जल ही जीवन का आधार है, इसलिए इसे आने वाली पीढ़ियों के लिए बचाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि हमारे पूर्वजों ने जल संरक्षण को हमेशा प्राथमिकता दी है। ‘‘जल गंगा संवर्धन अभियान’’ अब जन अभियान बन गया है। अभियान की अवधारणा ‘‘जनसहभागिता से जल संरक्षण और संवर्धन’’ पर केन्द्रित है। इस अभियान के अंतर्गत नवीन जल संग्रहण संरचनाओं के साथ पूर्व से मौजूद जल संग्रहण संरचनाओं का जीर्णाेद्धार, जल स्त्रोतों और जल वितरण प्रणालियों की साफ-सफाई के कार्य प्राथमिकता से किये जा रहे है।
विधायक फुन्देलाल सिंह मार्को ने सभी से आव्हान करते हुए कहा कि सभी इस अभियान में सहभागिता निभाएं तथा शासन द्वारा संचालित जल संरचनाओं से संबंधित योजनाओं का लाभ अवश्य लें। उन्होंने अधिकारियों को भी निर्देशित किया कि जिले के आम जनों को वाटरशेड के माध्यम से खेत तालाब, मत्स्य पालन, सिंचाई हेतु आधुनिक मशीन, खाद, बीज, उर्वरक इत्यादि का वितरण भी प्राथमिकता के आधार पर कराना सुनिश्चित किया जाए।
कार्यक्रम को जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ के पूर्व अध्यक्ष हीरा सिंह श्याम, जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ की अध्यक्ष श्रीमती मिथिलेश सिंह मरावी, जिला पंचायत के सदस्य नर्मदा सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी संबोधित किया।
मां नर्मदा के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया गया कार्यक्रम का शुभारंभ
सांसद शहडोल संसदीय क्षेत्र श्रीमती हिमाद्री सिंह, विधायक पुष्पराजगढ़ फुंदेलाल सिंह मार्काे, जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ के पूर्व अध्यक्ष हीरा सिंह श्याम, जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ की अध्यक्ष श्रीमती मिथिलेश सिंह मरावी ने मां नर्मदा के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित एवं माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
खेत तालाब योजना से लाभांवित हितग्राहियों ने बताया अपना अनुभव
जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ अंतर्गत विभिन्न ग्रामों के खेत तालाब योजना से लाभान्वित हितग्राहियों श्रीमती प्रमिला सिंह, भंवर सिंह, नर्मदा सिंह, देवकी प्रधान सहित अन्य विभिन्न हितग्राहियों ने खेत तालाब योजना के माध्यम से मत्स्य पालन, सिंचाई सहित अन्य विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार पूर्वक जानकारी दी तथा लोगों से इस योजना का लाभ लेने हेतु अपील भी की।
वाटरशेड योद्धाओं को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम में वाटरशेड योद्धाओं को प्रतियोगिता के माध्यम से शासन के नल जल योजना, जल दिवस, जल गंगा संवर्धन अभियान सहित अन्य विभिन्न विषयों पर किए गए प्रश्नों के सही जवाब देने वाले कृषक हैता सिंह, महेश प्रसाद चंदेल, लल्ला सिंह, रामेश्वरी देवड़ा एवं पूजा सिंह को प्रशस्ति पत्र, शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया।
सांसद ने दिलाई जल संरक्षण एवं संवर्धन की शपथ
सांसद श्रीमती हिमाद्री सिंह ने कृषकों को जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत जल के संरक्षण एवं संवर्धन हेतु शपथ दिलाई तथा जल के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम में जिला पंचायत के सदस्य दरोगा सिंह, श्रीमती भुवनेश्वरी सिंह, पूर्व जनपद उपाध्यक्ष संतोष पांडेय, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पुष्पराजगढ़ सुधाकर सिंह बघेल, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ गणेश पाण्डेय सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे।
एक टिप्पणी भेजें